संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। सात दिन पहले उपचार के दौरान महिला की मौत होने पर परिजन तथा कस्बे के गणमान्य लोगों ने रामनगर अस्पताल में पहुंचकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई और ज्ञापन भी सौंपा। साथ ही चेतावनी दी गई दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो स्वास्थ्य विभाग के प्रति धरना दिया जाएगा।
सोमवार सुबह 11 बजे सीनियर सिटीजन क्लब के प्रधान शिव देव सिंह की अध्यक्षता में एक शिष्टमंडल अस्पताल में पहुंचा। वहां पर बीएमओ की मौजूद न होने पर उन्होंने डॉक्टर फारूक को ज्ञापन सौंपा और महिला की मौत होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। बता दें कि सात दिन पहले वार्ड नंबर 13 की रहने वाली कमलेश रामनगर अस्पताल में उपचार करवाने आई थी। महिला को अस्पताल के वार्ड में ग्लूकोज के साथ इंजेक्शन लगा थोड़ी ही देर बाद उसे रिएक्शन होना शुरू हो गया। इसके बाद उसे जीएमसी रेफर किया गया लेकिन महिला की मृत्यु हो गई।
मृतक महिला के परिजन ने आरोप लगाया था कि महिला की मौत रामनगर में ही हुई है। अस्पताल वार्ड में कार्यरत दो नर्सों की लापरवाही के कारण महिला की जान गई। उन्हाेंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई रामनगर में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
शिष्टमंडल में विनोद खजूरिया, संजीव जंडियाल, नसीब सिंह, शिवराम, रविंद्र सिंह, चंचल सिंह, जगदीश कुमार, पवन रासल, एडवोकेट पवन देव सिंह, एडवोकेट अनूप सिंह, कीरत सिंह, खेमराज अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।