रामनगर। कस्बे में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गुरु नाभादास जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सोमवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें ढोल नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गुरु नाभादास के जयकारों से कस्बा गूंज उठा।
सोमवार को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 11 बजे वार्ड नंबर 8 स्थित एससी कम्युनिटी हॉल में धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुई। इसके बाद शोभायात्रा को विधिवत रूप से रवाना किया गया। यात्रा में श्रद्धालु भजनों का गुणगान करते हुए और झांकियों के माध्यम से गुरु नाभादास के जीवन से जुड़ी झलकियां प्रस्तुत करते हुए आगे बढ़े। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने गुरु नाभादास के जीवन और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समरसता के संदेश को याद करते हुए लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
शोभायात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः एससी कम्युनिटी हॉल पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गुरु नाभादास कमेटी के सदस्य देशराज ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्मोत्सव को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया है। उन्होंने कहा यह आयोजन हमारे लिए आस्था का प्रतीक है और हम सभी मिलकर इसे और भव्य बनाने का प्रयास करते हैं। क्षेत्र के लोगों का सहयोग ही इस कार्यक्रम की सफलता का सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने बताया पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजन शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।