रामनगर। सुरनी गांव में भूस्खलन की चपेट में चार आशियाने उजड़ गए। मकान ध्वस्त हो गए और घर पर रखा सारा सामान मलबे के नीचे दब गया। इस हादसे में हालांकि घरों के सभी सदस्य बच गए। अन्य दो सगे भाइयों के घरों को भी खाली करवा लया गया है। इन सभी घरों के सदस्यों का चौकी हाई स्कूल में रहने का प्रबंध किया गया है।
बता दें कि लगातार बारिश होने की वजह से शनिवार शाम पंचायत सुरनी के वार्ड नंबर दो बदाली में भूस्खलन हो गया। लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। किसी तरह घर के सभी सदस्य सुरक्षित जगह पर भागने में कामयाब हो गए। देखते ही देखते सूरम चंद्र पुत्र पुरखू राम, बलदेव राज पुत्र फकीरचंद, जगपाल पुत्र फकीरचंद, सुभाष चंद्र पुत्र जंकु का आशियाना ध्वस्त हो गया।
विज्ञापन
एसडीएम स्वामी शिमर के निर्देश पर तहसीलदार सतीश शर्मा ने रविवार सुबह नौ बजे डालसर इलाके के नायब तहसीलदार जफर इकबाल और पटवारी गोदावर को नुकसान का जायजा लेने के लिए भेजा। उन घरों को खाली करवाया गया जिसमें दो भाई नसीब चंद और चरण दास रह रहे हैं। घोरड़ी पीएसआई विक्रम कंठ ने अपनी टीम के साथ खुद लोगों के घर जाकर सभी सामान उठाकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया।
वहीं प्रशासन की ओर से इन सभी लोगों का चौकी हाई स्कूल में रहने का प्रबंध किया गया है। तहसीलदार सतीश कुमार ने बताया सभी परिवारों को सुरक्षित जगह पर भेज दिया है। भूस्खलन भारी मात्रा में हुआ है काफी नुकसान हुआ है। लोगों को प्रशासन की ओर हर सहायता मुहैया कराई जाएगी।