रामनगर। कस्बे की विभिन्न समस्याओं को लेकर सीनियर सिटीजन क्लब का एक शिष्टमंडल वीरवार को थाना प्रभारी पुष्पा देवी से मिला और उन्हें कस्बे की विभिन्न प्रकार की समस्याओं से अवगत करवाया।
सीनियर सिटीजन क्लब के प्रधान शिव देव सिंह, अध्यक्ष सुभाष कूडयार, वार्ड नंबर तीन के पूर्व पार्षद संजीव जंडियाल अन्य सदस्यों ने रामनगर थाने में जाकर पुष्पा देवी को समस्याओं की जानकारी दी। शिव देव सिंह ने बताया कि रामनगर में 18 वर्ष की कम आयु वाले युवक तेज गति से स्कूटी तथा बाइक चला रहे हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा सामने आ सकता है। इन तेज गति से चलने वाले युवकों पर अंकुश लगना चाहिए।
अध्यक्ष सुभाष कूडयार ने कहा कस्बे में अवैध शराब धड़ल्ले से बिक रही है। कई लोग कस्बे से शराब लेकर गांव पर दुकानों में अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। युवा पीढ़ी कई प्रकार के नशे कर बर्बाद हो रही हे। इन युवाओं को रोकने के लिए कस्बे तथा ग्रामीण इलाकों के चौक चौराहे पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। थाना प्रभारी पुष्पा देवी ने आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द करवाई करेगी। शिष्टमंडल में उपप्रधान सोम राज गुप्ता, एडवोकेट सुरिंदर कुमार, चंचल सिंह, शिव राम शर्मा आदि शामिल थे।