- 4.69 करोड़ मूल्य की नशीले पदार्थ से अर्जित संपत्ति जब्त, 52 बैंक खाते जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। नशीले पदार्थों और नशा बचने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। जनवरी से जुलाई 2025 तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 75 मामले दर्ज किए गए। नशे की तस्करी करने के 110 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें 102 एनडीपीएस के तहत और आठ पीआईटी एनडीपीएस व पीएसए के तहत गिरफ्तार किए गए। नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए गए 31 वाहन जब्त किए गए और एच-1 ड्रग मानदंडों का उल्लंघन करने पर सात दवा दुकानों को सील कर दिया गया। वित्तीय कार्रवाई के तहत नशीले पदार्थों के तस्करों से जुड़े 52 बैंक खातों को सीज किया गया जिनमें 17,36,812 रुपये शामिल थे।
हेरोइन, चरस, अफीम और गांजा सहित 4.45 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए। प्रवर्तन को और मजबूत करते हुए एनडीपीएस प्रावधानों के तहत 4.69 करोड़ मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। इसमें ट्रक, कार, बाइक, फ्लैट, मकान और जमीन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पंचैरी में दो कनाल 10 मरला अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया। पेशेवर जांच और अभियोजन के परिणामस्वरूप 23 मामलों में 30 लोगों को दोष सिद्धि मिली जो उधमपुर पुलिस की नशा मुक्त समाज के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।