रामनगर। उधमपुर सब डिविजन में आते डालसर मार्ग पर शुक्रवार को भूस्खलन हुआ। पहाड़ से भारी मात्रा मलबा गिरने की वजह से दोनों तरफ से यातायात छह घंटे के लिए बंद रहा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग ने जेसीबी मशीन लगाकर दोपहर लगभग 1:30 बजे यातायात बहाल कर दिया।
रामनगर-डालसर मार्ग काली माता मंदिर के समीप पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा गिर गया था। शुक्रवार सुबह सात बजे कई ग्रामीण इलाकों से आने जाने वाले यात्री वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। आगे डालसर मार्ग पर मलबा गिरने की वजह से मार्ग बंद पड़ा था। इस कारण यात्री वाहनों के पहिए थम गए।
आने-जाने वाले सभी यात्रियों तथा स्कूल के विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस कारण दोनों तरफ से कोई भी यात्री वाहन दोपहर तक रवाना नहीं हो सके। पीएमजीएसवाई विभाग के जेई साहिल खजूरिया ने बताया मलबा गिरने की सूचना सुबह ही मिल गई थी। जेसीबी मशीन भेज कर कार्य शुरू किया गया लेकिन मलबा ज्यादा था इसलिए मार्ग बहाल करने में समय लग गया।