रामनगर। पंचायत सुनेत्र भी में रविवार देर रात चोर घर को निशाना बनाकर गहने और नकदी ले गए। शातिर दीवार तोड़कर अंदर घुसे और कमरे से ट्रंक लेकर चले गए। सुबह परिवार जब उठा तो घर के हालात देखकर हैरान रह गया। आसपास जांच की तो ट्रंक घर से करीब 250 मीटर दूरी पर खाली मिला। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार मंगल राम के घर में देर रात करीब दो बजे आवाजें सुनाई दीं। पत्नी दर्शना देवी उठी और उन्होंने टॉर्च जलाकर आसपास देखा लेकिन उस समय कुछ दिखाई नहीं दिया। कुछ देर बाद दोबारा आवाज आने पर जब उन्होंने कमरों की जांच की तो पता चला कि गहनों से भरा ट्रंक गायब है। घबराकर उन्होंने तुरंत पति को उठाया। परिवार के सदस्य जब बाहर पहुंचे तो देखा कि पीछे की दीवार टूटी हुई थी। चोर उसी रास्ते से अंदर घुसे थे और ट्रंक लेकर फरार हो गए। मंगल राम की पत्नी ने बताया कि ट्रंक में करीब तीन तोले सोना, चांदी के गहने और लगभग 15 हजार रुपये रखे हुए थे।
सोमवार सुबह करीब सात बजे ट्रंक घर से लगभग 250 मीटर दूर मिला लेकिन आभूषण और नकदी नहीं थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर सामान बरामद किया जाए। इलाके में वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है।