रामनगर। तहसील रामनगर की पंचायत केला गांव में स्थित बाबा वासुकी नाग मंदिर में चार मई को वार्षिक भव्य मेला और विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। बाबा वासुकी नाग मंदिर ट्रस्ट के प्रधान बलवान सिंह ठाकुर ने बताया कि पिछले पांच वर्ष से लगातार मेले का आयोजन करवाया जा रहा है। मंदिर परिसर में सोमवार सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रम का सिलसिला शुरू होगा जिसमें पूजा-अर्चना और अन्य अनुष्ठान होंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा लगाया जाएगा।
दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रामनगर से मुफ्त मिनी बस सेवा भी उपलब्ध करवाई गई है। यह बस सेवा सुबह नौ बजे बस अड्डे से रवाना होगी जिससे श्रद्धालु आसानी से मंदिर तक पहुंच सकेंगे। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा वासुकी नाग के दर्शन करें और साथ ही भंडारे का प्रसाद ग्रहण करें।
उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।