रामबन जिले के रामसू के खूनी नाला क्षेत्र में देर शाम हुआ भारी भूस्खलन
भूस्खलन के बाद बिसलारी नाला में नदी का बहाव अवरुद्ध
रामबन। रामबन जिले के रामसू के खूनी नाला क्षेत्र के विपरीत क्षेत्र में सरबागनी पहाड़ी से भारी बारिश के कारण हुए भारी भूस्खलन के बाद बिसलारी नाला में नदी का बहाव अवरुद्ध हो गया।
सूत्रों के अनुसार रामसू पुलिस क्षेत्राधिकार के खूनी नाला क्षेत्र के सामने सरबागनी में एक पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। उन्होंने कहा कि मलबे ने नदी के जल प्रवाह को अवरुद्ध कर दिया है। इस कारण बिसलारी नाला नदी का जल प्रवाह बढ़ गया है।
अधिकारियों ने बताया कि निचले हिस्से में स्थित करलाना गांव के 30 परिवारों को रामसू उप-मंडल प्रशासन ने पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद से शनिवार शाम को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि बिसलारी नाले के बहाव क्षेत्र में बाढ़ आने की आशंका के कारण परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है।
कोट
खराब मौसम को देखते हुए एहतियात के तौर पर 30 परिवारों को सरकारी हाई स्कूल की इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया है। हाई स्कूल रामसू में ठहरे परिवारों को भोजन, दवाइयां और अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
मुजाहिर हुसैन, उपमंडल मजिस्ट्रेट, रामसू