रामबन। जिला पुलिस रामबन ने बुधवार को सिविक एक्शन प्रोग्राम (सीएपी) के तहत क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
इस टूर्नामेंट में रामबन जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जो नॉकआउट आधार पर खेला जा रहा है। उद्घाटन मुकाबला टीम एफबी स्पोर्ट्स बनिहाल और टीम खान ब्रदर्स बनिहाल के बीच खेला गया, जिससे टूर्नामेंट की शुरुआत उत्साहपूर्ण रही।
उद्घाटन समारोह में 84वीं बटालियन के कमांडेंट एन. रणबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समीर मलिक, पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी एवं वर्तमान में जेकेसीए (डोडा–किश्तवाड़–रामबन) के मुख्य चयनकर्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर नागरिक समाज के सदस्य, सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी तथा पुलिस शहीदों के परिजनों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
यह टूर्नामेंट अरुण गुप्ता, एसएसपी रामबन के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है तथा मुजीब-उर-रहमान, अतिरिक्त एसपी रामबन, डीएसपी डीएआर रामबन कुलदीप कुमार और आरआई डीपीएल रामबन इंस्पेक्टर संजय मनहास द्वारा इसकी निगरानी की जा रही है। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी टूर्नामेंट के सुचारु संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
टूर्नामेंट के शुभारंभ से पूर्व आयोजन स्थल पर एक पौधरोपण अभियान भी चलाया गया। जिला पुलिस रामबन ने युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, नशाखोरी एवं सामाजिक बुराइयों को हतोत्साहित करने व पुलिस - जनसंपर्क को मजबूत करने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।