कानूनी उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने और उसे तैयार करने के लिए अत्यधिक शुल्क वसूलने
रामबन। अधिक शुल्क वसूलने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए वीरवार को तहसीलदार बनिहाल ने एक खिदमत केंद्र यानी सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी केंद्र) को सील कर दिया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक स्थानीय युवक ने शिकायत की थी। इसमें उसने बताया था कि बनिहाल बाजार स्थित खिदमत केंद्र में एक सीएससी केंद्र संचालक ने ऑनलाइन माध्यम से उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र प्राप्त करने संबंधी दस्तावेज तैयार करने के एवज में उससे 2500 रुपये अधिक वसूले हैं।
इस पर कार्रवाई करते बनिहाल के तहसीलदार अमजद अली कीन ने अधिकारियों की एक टीम गठित की। टीम के साथ के माैके पर पहुंचकर खिदमत केंद्र की तलाशी ली। वहां से कुछ दस्तावेज और अधिकारियों की मुहरें बरामद हुईं। इनसे संकेत मिलता है कि सीएससी केंद्र संचालक जाली दस्तावेज बना रहा था। इसके बाद टीम ने केंद्र को सील कर दिया। एक स्तंभ पर यह नोटिस भी चस्पा किया गया है कि सीएससी दुकान वीरवार दोपहर 3:30 बजे सील कर दी गई है। संवाद