चिनैनी। मौसम के बिगड़े मिजाज का नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। कुछ दिनों से रोजाना इलाके में हो रही बारिश और ओलावृष्टि से जहां काटी गई गेहूं की फसल खेतों में भीग रही है वहीं, मक्का की फसल लगाने में भी देरी हो रही है।
किसानों ने बताया कि बदलते मौसम का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। मौजूदा समय में चिनैनी के किसान अभी तक गेहूं की फसल को घर नहीं पहुंचा पाए हैं। पंचायत नगुलता के सरपंच पवन कुमार, किसान यशपाल, जोगिंद्र सिंह और हरि ओम ने बताया कि बैसाखी के बाद मक्का की बुआई की जाती है, लेकिन अभी तक नहीं लगा पाए हैं।
कुछ दिन पहले काटी गई गेहूं की फसल खेतों में पड़ी है। रोजाना की बारिश और ओलावृष्टि से फसल को नुक्सान पहुंच रहा है। टमाटर, गोभी, करेला और खीरा आदि लगाया है, जिसे भी नुकसान पहुंचा है। लगता है कि फिर से सब्जियों की बुआई करनी पड़ेगी। अभी बारिश की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द गिरदावरी करने की मांग की है, ताकि किसानों को मुआवजा मिल सके।