उधमपुर/पंचैरी। गत दिनों हुई लगातार बारिश से जिले की पंचैरी और मोंगरी तहसील के कुछ इलाकों में मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचा हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने प्रदेश सहित जिला प्रशासन से जल्द मुआवजा देने की मांग उठाई है।
तहसील पंचैरी के कट्टी, लांदर, बदोता और गलियोत इलाकों में बारिश से मक्का की फसल ढह गई है। मोंगरी के अज्जल, कलसोत, दमनोत, लाली और बरियोत इलाके के किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों ने बताया कि पहले समय पर बारिश नहीं होने के कारण फसल के खराब होने का डर सता रहा था, लेकिन अब बहुत ज्यादा बारिश होने व हवाएं चलने से अधिकतर फसल बर्बाद हो गई है। स्थानीय किसान अशोक कुमार, कश्मीर सिंह, रत्तन सिंह और चुन्नी लाल बताया कि लगातार हुई बारिश ने मेहनत पर पानी फिर गया है। इससे काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने प्रदेश सहित जिला प्रशासन से बर्बाद फसल का आकलन कर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग उठाई है।