उधमपुर। रैंडम सैंपलिंग में सामने आ रहे कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही उनके संपर्क में रहने वाले लोगों को भी क्वारंटीन किया जा रहा है। इसके साथ ही क्वारंटीन किए लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। प्रशासन की तरफ से इनके बारी-बारी से कोरोना टेस्ट कराए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि, जिले में क्वारंटीन किए लोगों की संख्या 15 हजार पार कर गई है। इनमें ज्यादातर लोग बाहरी राज्य से लौटने वाले हैं। अब रैंडम सैंपलिंग में लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इनके संपर्क में रहने वाले लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। बुधवार और वीरवार को रैंडम सैंपलिंग में करीब आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके संपर्क में रहने वाले लोगों का पता लगाया गया और वीरवार शाम तक 90 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया था। इनमें से कुछ लोगों के कोरोना टेस्ट भी कराए जा चुके हैं। इसके साथ जिले में क्वारंटीन किए लोगों की संख्या 15,372 हो गई है। 119 संक्रमित लोगों का उपचार उधमपुर और जम्मू में चल रहा है। 964 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। 3,111 लोगों को सर्विलांस पर रखा गया है। 431 लोगों को प्रशासनिक क्वारंटीन पर रखा गया है और 10,748 लोगों ने सर्विलांस का समय पूरा कर लिया है। ब्यूरो