उधमपुर। पिछले वर्ष हुई अत्यधिक बारिश से फसलों के नुकसान का असर अब आम आदमी की थाली पर साफ दिखने लगा है। बाजारों में चावल की कीमतों में अचानक आई तेजी ने मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। बीते 15 से 20 दिनों के भीतर विभिन्न ब्रांड के चावलों के दाम में प्रति 10 किलो पर 20 से 50 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रति किलो के हिसाब से कीमत में 10 से 12 रुपये तक का इजाफा हुआ है।
बासमती के अलावा सामान्य किस्म के चावल में भी करीब पांच से आठ रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे हर वर्ग का उपभोक्ता प्रभावित हो रहा है। कीमतों में इस उछाल का मुख्य कारण पिछले साल अगस्त में पंजाब में हुई भारी बारिश है। अत्यधिक वर्षा के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचा था, जिससे उत्पादन में भारी गिरावट आई। वर्तमान में बाजार में मांग तो स्थिर है लेकिन आपूर्ति कम होने के कारण कीमतों में निरंतर इजाफा हो रहा है।
प्रमुख ब्रांडों की नई कीमतें (प्रति 10 किलोग्राम)
चावल का ब्रांड
पहले की कीमत
वर्तमान कीमत
डायमंड बासमती
800
850
सुप्रीम ब्रांड
700
750
गोल्ड बासमती 600
650
एवरग्रीन चावल
570
600
सिल्वर बासमती
480
500
तिन्नी बासमती
470
500
टोटा बासमती
380
400
इस साल प्रभावित हुआ उत्पादन
मुख्य कृषि अधिकारी हरबंस सिंह ने पुष्टि की कि पिछले वर्ष की बारिश ने चावल की खेती को काफी नुकसान पहुंचाया था जिससे इस साल उत्पादन प्रभावित हुआ है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेन्द्र बरमानी और उपाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा के अनुसार खेतों में पानी भरने से फसल खराब हुई थी। अब बाजारों में स्टॉक कम होने के कारण दरों में वृद्धि अनिवार्य हो गई है। स्थानीय दुकानदार विजय गुप्ता का कहना है कि मार्केट में आवक कम है और ग्राहक बढ़ी हुई कीमतों से परेशान हैं। उपभोक्ता संजीव शर्मा बताते हैं कि रोजमर्रा की खाद्य सामग्री के दाम बढ़ने से घरेलू बजट को संतुलित करना अब एक बड़ी चुनौती बन गया है।