उधमपुर। राजोरी में हुए आतंकी हमले के विरोध में बुधवार दोपहर को विश्व हिंदू परिषद, चैंबर ऑफ कॉमर्स, व्यापार मंडल और अन्य कई संगठनों ने मिलकर इंदिरा चौक पर पाकिस्तान का पुतला फूंका। एलसी मनोज सिन्हा से मांग की कि हिंदुओं को सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके साथ हथियारों के लाइसेंस को रिन्यू करने की प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जाए। हथियार होने पर हम अपनी सुरक्षा खुद तो कर सकते हैं।
विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रधान सुशांत शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों के सदस्य शहर के इंदिरा चौक पर इकट्ठा हुए और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। सुरक्षा में ढील के लिए राजोरी जिला प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। सुशांत शर्मा ने कहा कि वे लोग प्रदर्शन कर पाकिस्तान और आतंकवादियों तक संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं कि हिंदू आतंकवाद से कभी नहीं डरेंगे और इसका डटकर मुकाबला करेंगे। राजोरी में आतंकियों ने आधार कार्ड देखकर हमला किया और इससे साफ हो जाता है कि आतंकियों ने पहले से ही हिंदुओं को निशाना बनाने की साजिश रची थी। विक्रम सलाथिया ने कहा कि केंद्र सरकार को साफ बता देना चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर के लोग आतंकवाद को किसी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। प्रदेश प्रशासन से मांग की गई कि आतंकियों का मुकाबला करने के लिए वीडीसी को फिर से हथियार दिए जाएं और जिनके पास पहले से अपने हथियार हैं, उनके लाइसेंस रिन्यू करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। सरकार ने कई वर्षों से लाइसेंस को रिन्यू करने की प्रक्रिया को बंद करके रखा है। अगर अपने पास हथियार का लाइसेंस होगा तो कम से कम आतंकियों का सामना तो कर सकेंगे।
-----
आतंकियों का सफाया कर पाक
को मुंहतोड़ जवाब दे सरकार
चैंबर ऑफ कामर्स के प्रधान शाम स्वरूप कलसोत्रा व छोटू मगोत्रा, राहुल, बलवान सिंह आदि ने कहा कि सबको पता है कि राजोरी में आतंकी हमला पाकिस्तान के आदेश पर ही हुआ है। इसके लिए पहले की साजिश रची गई होगी। उनकी केंद्र सरकार से मांग है कि आम नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकियों को जल्द मौत के घाट उतारा जाए। पाकिस्तान को इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाए, ताकि वह दोबारा कोई ऐसी हरकत न कर सके। इसके साथ सरकार लोगों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए। सीमांत गांव में सुरक्षा को बढ़ाया जाए। राजोरी में आतंकी हमले में प्रशासन की भी बड़ी लापरवाही रही है। अगर प्रशासन व पुलिस सतर्कता के साथ काम करती तो इतना बड़ा हमला नहीं होता।