उधमपुर: अग्निपथ स्कीम और भर्ती के एग्जाम ना होने को लेकर उधमपुर जिला के कंबलडगा इलाके में युवाओं ?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिले के युवाओं ने रविवार को कैंबल डंगा इलाके में उधमपुर-जिब मार्ग बंद कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वे केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को बंद करने और तीन वर्ष पहले जम्मू के सुंजवा में हुई सेना भर्ती की लिखित परीक्षा करवाने की मांग कर रहे थे।
दोपहर को युवाओं ने मार्ग बंद कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अक्षित शर्मा व अन्य युवाओं ने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले सेना ने सुंजवा में भर्ती शुरू की थी। इस दौरान शारीरिक परीक्षण में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया था। परीक्षण के बाद उनकी लिखित परीक्षा ली जानी थी। सेना ने जल्द लिखित परीक्षा करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन वर्ष गुजरने के बाद लिखित परीक्षा नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि सेना में भर्ती के लिए युवाओं ने वर्षों कड़ी मेहनत कर शारीरिक परीक्षण दिया था। लेकिन, लिखित परीक्षा न होने के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। पिछले दिनों सेना ने अग्निपथ योजना लांच कर दी है, और पुरानी भर्ती को रद्द करने की बात की जा रही है। अगर ऐसा होता है तो युवाओं का भविष्य खराब हो जाएगा। उनको केवल चार वर्ष के लिए ही सेना में काम करने का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भर्ती की लिखित परीक्षा करवाने के लिए कई मंत्रियों ने उनको आश्वासन दिए हैं। उनकी मांग है कि मंत्री इन आश्वासनों को पूरा करें, और जल्द लिखित परीक्षा करवाएं। साथ ही अग्निपथ योजना को बंद करें। युवाओं को यह योजना किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं है। इससे युवाओं का कोई भला नहीं होगा। इसलिए, उनकी मांग है कि सरकार युवाओं के भविष्य को ध्यान में रख कर निर्णय ले।