उधमपुर: कांग्रेस नेता गोल मार्केट में प्रदर्शन करते हुए.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का तीन दिवसीय धरना वीरवार को संपन्न हो गया। सुबह दस बजे से दो बजे तक सभी कार्यकर्ताओं के साथ शहर व गांव के लोगों ने कांग्रेस नेता सुमित मगोत्रा के नेतृत्व में धरना दिया। धरना संपन्न कर जुलूस की शक्ल में सभी ने इंदिरा चौक पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता ब्रिज मोहन शर्मा, सुनील गुप्ता, विजय मन्हास, सूरज चौधरी तथा अशोक कूका विशेष रूप से उपस्थित रहे। सुमित मगोत्रा ने कहा कि धरने के बाद राज्य प्रशासन व सोई हुई सरकार के खिलाफ इंदिरा चौक पर प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट किया है। क्योंकि, बिजली और पानी की कटौती के चलते गांव व शहर में लोग बहुत परेशान हैं। और, सरकार चुप होकर गर्मी में तड़प रहे लोगों का तमाशा देख रही है।
उन्होंने कहा कि तीन दिन तक धरना करने के बाद भी बिजली विभाग ने कटौती में कमी नहीं की है। इससे निराश होकर अब भूख हड़ताल की तैयारी की है। इससे पहले सरकार और विभाग को रविवार तक का अल्टीमेटम दे रहे हैं कि कटौती बंद कर लोगों की परेशानी दूर करें। अगर इसके बाद भी कटौती बंद नहीं हुई तो सोमवार को इंदिरा चौक पर सुबह से शाम तक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। अगर फिर भी बात नहीं बनी तो उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे।