उधमपुर: पीने के पानी को लेकर प्रदर्शन करते हुए जोजडे तालाब के लोग.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। करीब 20 दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे शहर के जोजड़ा तालाब इलाके के लोगों ने समस्या के निदान को लेकर सोमवार को रोड जाम कर प्रदर्शन किया। उन्होंने जल शक्ति विभाग से जलापूर्ति सुचारु करने और जोजड़ा तालाब चौक को चौड़ा करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में जारी निर्माण कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिसके कारण लोगों के यहां जलापूर्ति नहीं हो रही है। पिछले 20 दिनों से पानी न मिल पाने के कारण क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत हो गई है। जबकि विभाग समस्या के समाधान को लेकर कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं, युवाओं व बुजुर्गों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी के इस्तेमाल से क्षेत्र की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके कारण लोगों के घरों में पानी की किल्लत है। आसपास कोई बावली भी नहीं है जिससे लोग पीने के पानी का प्रबंध कर पाएं। पीने के पानी का इंतजाम करने के लिए हर रोज मशक्कत करनी पड़ रही है। कई बार अपनी परेशानी को जल शक्ति विभाग के सामने रखा है, लेकिन विभाग की तरफ से इस परेशानी की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनकी मांग है कि विभाग जल्द पाइपों की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारु करे।
इसके अलावा क्षेत्र में जारी निर्माण कार्य के कारण जोजड़ा तालाब का रास्ता भी बंद हो रहा है। इसलिए, उनकी मांग है कि यहां एक पुली का निर्माण करवाया जाए, और जोजड़ा तालाब चौक को भी चौड़ा किया जाए। क्योंकि, चौक की चौड़ाई 10 फुट होने से यहां आए दिन वाहन हादसे का शिकार होते हैं। उनकी मांग है कि पुली का निर्माण करने के साथ ही चौक को 20 फुट चौड़ा किया जाए।