उधमपुर: तहसील कार्यालय में आज दूसरे दिन भी जारी रहा पटवारियों का प्रदर्शन.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू में गिरफ्तार किए पटवारियों को रिहा करने की मांग को लेकर उधमपुर के पटवारियों ने शनिवार को दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रख पटवार खाने के सामने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यह हड़ताल और प्रदर्शन पटवारियों के रिहा होने तक जारी रहेगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार अकारण एफआईआर कर पटवारियों की छवि को खराब कर रही है। ऑल जम्मू-कश्मीर पटवार एसोसिएशन के जिला प्रधान लोचन सिंह ने कहा कि सोची समझी साजिश के तहत पटवारियों को बदनाम किया जा रहा है। जम्मू में रिकॉर्ड अगर गायब हुआ था तो इसके लिए पटवारियों को ही क्यों दोषी बनाया गया है? जब भी कोई रिकॉर्ड बनता है तो इसकी कई कॉपियां तैयार की जाती हैं।
उन्होंने कहा कि सुविधाएं न मिलने के कारण कई बार रिकॉर्ड खराब हो जाता है। सारा रिकॉर्ड कपड़ा और कागज पर तैयार होता है। इनको ज्यादा समय तक बचाया नहीं जा सकता। कीमती रिकॉर्ड को वर्षों तक संभाल कर रखने के लिए सरकार को सुविधाएं देनी चाहिए। दो पटवारियों की गिरफ्तारी के बाद पटवारियों को बहुत गलत नजर देखा जा रहा है। उनमें से एक को तो छोड़ दिया गया है, लेकिन दूसरे पटवारी को अब तक नहीं छोड़ा गया। जब तक दूसरे पटवारी को नहीं छोड़ा जाता, इसी तरह धरना जारी रहेंगे।