किश्तवाड़। जिले की मुगलमैदान तहसील में मंगलवार को स्थानीय लोगों ने ग्रामीण विकास विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उपायुक्त और पुलिस प्रशासन के हक में वहीं, ग्रामीण विकास विभाग और मुगलमैदान व छात्रू के सरपंचों व पंचों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
गौरतलब है कि 2016 और 2017 में ग्रामीण विकास विभाग में हुई धांधली के चलते उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा के कहने पर एसएसपी व पुलिस थाना प्रभारी छात्रू ने विभाग के 13 अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसकी जांच की जानी है। परंतु, कुछ दिन पहले मुगलमैदान व छात्रू के कुछ पंचों व सरपंचों ने विभाग के प्रति सहानुभूति दिखाई, और उनके हक में बयान दिए। जिस पर स्थानीय लोग व केशवान इलाके के सरपंच, डीडीसी सदस्य, आदि स्थानीय लोगों के समर्थन में आए।
मंगलवार को मुगलमैदान शहर के बीच कुछ देर सड़क को जाम कर धरना प्रदर्शन किया। केशवान सरपंच फारूक अहमद ने उपायुक्त के साथ-साथ एसएसपी का आभार प्रकट किया कि उन्होंने गरीब जनता की आवाज को सुना और तुरंत कार्रवाई कर उस समय के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया। उन्होंने अनुरोध किया कि वह किसी भी सरपंच व पंच के बहकावे में न आकर साफ सुथरी जांच करें और दोषियों को सख्त सजा दिलाएं। विभाग में करोड़ों का घपला किया गया है। लोगों को उनका पैसा नहीं दिया गया। जिन जगहों का काम नहीं हुआ है, उसका भुगतान किया गया है। इसकी पूर्ण रूप से जांच होनी चाहिए।