पटाखा विक्रेताओं प्रदर्शन के दौरान धार रोड पर लगा जाम
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। बाजार में बिना अनुमति पटाखे बेचे जाने के विरोध में क्रेकर्स एसोसिएशन ने सुभाष चौक पर धार रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन बंद करवाया।
पटाखा विक्रेताओं का कहना था कि बाहर पटाखे बिकने से उनका काम प्रभावित हो रहा है। वीरवार सुबह आठ बजे से ही पटाखा विक्रेताओं ने सुभाष स्टेडियम में स्टॉलों को सजा लिया था। इसी बीच सुबह करीब 11 बजे पटाखा विक्रेताओं को जानकारी मिली कि बाजार में बिना अनुमति के पटाखे बेचे जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन इसको लेकर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
जानकारी मिलने के बाद पटाखा विक्रेता एकजुट होकर सुभाष चौक पहुंचे और धार रोड को बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन शुरू होते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी मिलने पर डीएसपी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने उनको बताया कि हजारों रुपये खर्च करने पर प्रशासन ने सुभाष स्टेडियम में पटाखों के स्टॉल लगाने की अनुमति दी है। आदेशानुसार स्टेडियम के बाहर कोई भी पटाखे नहीं बेच सकता। इसके बावजूद बाजार में धड़ल्ले से पटाखे बेचे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जानकारी होने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बाहर खुले में पटाखों के बिकने से नुकसान होने की बहुत ज्यादा संभावना है। उनको हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा। इस पर पुलिस ने सभी विक्रेताओं को आश्वासन दिया कि बाहर पटाखा बेचने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बाजार का निरीक्षण कर जांच करेगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शन बंद हुआ, और वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
उधमपुर के बाजार में पटाखे बेचे जाने के विरोध में धार रोड बंद कर प्रदर्शन करते पटाखा बिक्रेता- फोटो : UDHAMPUR