भद्रवाह। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कशिश गुप्ता और तहसील संयोजक शिवम चंदेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एडीसी राकेश कुमार से मुलाकात की। जहां उन्होंने प्रथम सेमेस्टर के सभी पाठ्यक्रमों की आगामी परीक्षा का पाठ्यक्रम 50 प्रतिशत तक कम करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने एडीसी को बताया कि प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा ऑफलाइन और पूर्ण पाठ्यक्रम के साथ आयोजित की जाएंगी। जबकि कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की गई थीं। जिस कारण विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा ही नहीं हो पाया। प्रतिनिधिमंडल ने इस मुद्दे पर भी जोर दिया कि कुछ विद्यार्थी भलेसा, थानाल्ला, बस्ती, चिराल्ला, हेमोट, कुंडोसू, आदि दूरदराज क्षेत्रों से हैं, जहां इंटरनेट की सुविधा बहुत कम है। वे ऑनलाइन कक्षाएं भी नहीं ले पाए।
इसलिए, अनुरोध हैं कि इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों के पास ले जाएं, और उन्हें परीक्षा के पाठ्यक्रम को 50 प्रतिशत कम करने के लिए कहें। ताकि, विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुसार तैयारी कर सकें। एडीसी ने सभी मांगों को सुनकर आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों के पास ले जाकर जल्द समाधान की मांग करेंगे।