उधमपुर/पंचैरी। पंचायत गलियोत में ग्रामीणों ने पंचैरी-मोंगरी को अलग विधानसभा क्षेत्र बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में कई लोगों ने भाग लिया।
सुरजीत सिंह ने कहा कि इलाके के सभी लोगों की मांग है कि भारत सरकार, राज्य सरकार तथा परिसीमन आयोग मिलकर पंचैरी,मोंगरी, भमाग की भौगोलिक स्थिति का मुआयना करे और इसे एक अलग विधानसभा क्षेत्र बनाए। उन्होंने कहा कि इन इलाकों को प्राथमिकता के आधार पर अलग विधानसभा क्षेत्र बनाए जाने की सख्त जरूरत है, क्योंकि यह उधमपुर, रियासी तथा चिनैनी तीन विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है। इस कारण आज तक यह इलाका विकास से कोसों दूर है।
उन्होंने कहा कि कई वर्षों से यह दोनों पहाड़ी ब्लॉक विकास को तरस रहे हैं। ब्लॉक मोंगरी तथा पंचैरी को उधमपुर सहित चिनैनी तथा भमाग विधानसभा में इस तरह से बांटा गया है कि यहां के लोगों के सामने विकास को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहती है। चुनाव प्रचार के दौरान विकास करवाने की बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जाती है, लेकिन चुनाव के बाद कोई भी कोई भी इन इलाकों की सुध नहीं लेता है। जिसके कारण आज भी हजारों ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं।