उधमपुर। हायर सेकेंडरी स्कूल दमनोत की क्षतिग्रस्त इमारत की हालत सुधारने की मांग को लेकर सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने स्कूल की इमारत के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। एबीवीपी ने मांग की कि स्कूल खुलने से पहले इमारत की हालत सुधारी जाए।
एबीवीपी दमनोत इकाई के अध्यक्ष सुनील सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने स्कूल के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। सुनील सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले तेज बारिश और हवा चलने के दौरान अचानक ही स्कूल की इमारत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। अच्छी बात यह थी कि कोरोना संकट के कारण स्कूल बंद था और सभी विद्यार्थी अपने घरों में थे। अगर स्कूल चल रहे होते तो इमारत गिरने पर बड़ा हादसा हो सकता था। स्कूल की इमारत का निर्माण कार्य करीब दस वर्ष पहले किया गया था और दस वर्ष के अंदर ही इमारत का क्षतिग्रस्त हो जाना कई तरह के सवाल खड़े करता है। उनकी मांग है कि स्कूल शुरू होने से पहले ही इसकी हालत सुधार कर राहत प्रदान की जाए।
दलजीत सिंह, सुरिंदर सिंह ने स्कूल में कॉमर्स, डोगरी, संस्कृत के विषय की सुविधा नहीं है। शिक्षा विभाग को इसको लेकर प्रयास करने चाहिए। इसके अलावा स्टाफ की कमी को भी जल्द पूरा किया जाए, क्योंकि लेक्चरर न होने के कारण शिक्षा बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। एबीवीपी के जिला स्कूल प्रमुख संजय राजपूत ने शिक्षा और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द इसकी मरम्मत नहीं की गई तो मजबूरन सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर मोंगरी तहसील के संयोजक मुश्ताक़ मोहम्मद भी मौजूद थे।