उधमपुर। पानी की किल्लत और बिजली की लो वोल्टेज से परेशान मलाढ़ इलाके के लोगों ने शनिवार शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर जलशक्ति विभाग और पीडीडी के खिलाफ प्रदर्शन किया। राजमार्ग बंद होने की सूचना मिलने के बाद एसएचओ रैंबल मौके पर पहुंचे और जल्द परेशानी को दूर करवाने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
शाम करीब पांच बजे रुमाल सिंह के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने राजमार्ग को बंद कर प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन शुरू होने के साथ ही राजमार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, राजमार्ग बंद होने की सूचना मिलने के बाद एसएचओ पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को शांत करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान रुमाल सिंह ने बताया कि जलशक्ति विभाग की लापरवाही के कारण कई दिनों से पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। विभाग की तरफ से नियमित तरीके से पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। पानी के लिए लोगों को हर रोज मशक्कत करनी पड़ रही है। महिलाओं को कई किलोमीटर दूर बावली पर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। कई बार ज्ञापन सौंप कर अपनी परेशानी को अधिकारियों के सामने रखा है, लेकिन उनकी तरफ से कुछ नहीं किया गया है। इसके साथ ही बिजली की लो वोल्टेज ने परेशानी को दुगना कर दिया है। लो वोल्टेज के कारण सही तरह से पंखे व कूलर नहीं चल पा रहे हैं और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
लो वोल्टेज का मुख्य कारण कम क्षमता का ट्रांसफार्मर है। कई बार ज्यादा क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को पीडीडी के अधिकारियों को जिला प्रशासन के सामने रखा है, लेकिन इनकी तरफ से भी केवल आश्वासन ही हासिल हुए हैं। गर्मी बढ़ने के साथ परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसलिए मजबूर होकर आज सभी राजमार्ग को बंद कर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं एसएचओ ने पूरी बात सुनने के बाद आश्वासन दिया कि वह संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ संपर्क कर परेशानी को दूर करवाने का प्रयास करेंगे।