उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर दस में स्थित होटल बसेरा में क्वारंटीन सेंटर बनाए जाने के विरोध में स्थानीय निवासियों ने मंगलवार को होटल को ताला लगा कर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। जब होटल में रहने के लिए क्वारंटीन किए लोग पहुंचे तो लोगों ने इनको अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद तहसीलदार व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जबदस्ती होटल को खुलवा कर प्रदर्शन बंद किया।
जानकारी अनुसार शाम करीब चार बजे क्वारंटीन किए गए कुछ छात्रों को लेकर प्रशासन की टीम होटल बसेरा में पहुंची, लेकिन होटल के मुख्य द्वार के बाहर ताला लगा हुआ था और लोग मार्ग को बंद कर प्रदर्शन कर रहे थे। तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी गई, इसके बाद तहसीलदार मोहित गुप्ता और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझा कर हटाने का प्रयास करने लगे। लेकिन लोग किसी कीमत पर भी मानने को तैयार नहीं हुए। लोगों ने ताला खोलने से साफ इनकार कर दिया। स्थानीय निवासियों का कहना था कि उनके मकान होटल के साथ लगते हैं। अगर कोई कोरोना संक्रमित व्यक्ति होटल में रखते हैं तो उनके लिए मुश्किल हो जाएगी।
तहसीलदार और पुलिस ने लोगों को समझाने कर हर संभव प्रयास किया, लेकिन कोई भी मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद तहसीलदार ने लाठीचार्ज कर कार्रवाई की चेतावनी दी। तहसीलदार ने साफ किया कि प्रशासन के आदेश के अनुसार बसेरा होटल में हर कीमत पर क्वारंटीन सेंटर बनेगा और जो भी इसमें अड़चन डालेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी मिलने के बाद लोग शांत होकर पीछे हट गए। प्रशासन ने ताला तुड़वाया और क्वारंटीन किए छात्र व छात्राओं को अंदर भेज दिया।