उधमपुर। सरकारी आदेश के बावजूद इंटरनेट सेवा बहाल न होने पर शुक्रवार को पैंथर्स पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने सलाथिया चौक पर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार की तरफ से लगातार जम्मू के लोगों को परेशान किया जा रहा है। जम्मू के लोगों ने अनुच्छेद 370 हटाने का समर्थन किया, लेकिन इसके बावजूद कई तरह की पाबंदियां लगाकर उनको सजा दी जा रही है।
पैंथर्स पार्टी के जिला उप प्रधान पवन सिंह के नेतृत्व में दोपहर करीब 12 बजे युवा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पवन सिंह ने कहा कि दो दिन पहले सरकारी अधिकारी ने प्रेस वार्ता कर जम्मू संभाग के पांच जिलों में इंटरनेट सेवा बहाल करने का एलान किया। इस एलान के बाद लोगों ने काफी राहत महसूस की और लगा कि अब उनकी कुछ हद तक परेशानी दूर हो जाएगी, लेकिन दो दिन गुजर जाने के बाद भी जिले में इंटरनेट सेवा बहाल नहीं की गई है। लोग दो दिन से बार बार अपने मोबाइल को चेक कर इंटरनेट चलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनके फोन में इंटरनेट नहीं चला है। इससे साफ पता चलता है कि सरकार ने उनके साथ मजाक किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार जम्मू संभाग के लोगों के साथ मजाक़ कर रही है। अगस्त में जब अनुच्छेद 370 हटाया गया तो जम्मू की जनता ने इसका पूरा समर्थन किया। सरकार ने इंटरनेट सेवा बंद की तो फिर भी इसका समर्थन किया। लेकिन करीब छह महीने के बाद भी सरकार ने इंटरनेट सेवा बहाल नहीं की है। इंटरनेट न चलने के कारण व्यापार बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। विद्यार्थी पढ़ाई को लेकर परेशान हैं। युवा वर्ग रोजगार की तलाश नहीं कर पा रहा है और न ही नौकरी या फिर परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन कर पा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी सुनवाई में छह महीने से इंटरनेट बंद करने को लेकर सरकार को फटकार लगाई और समीक्षा कर इंटरनेट बहाल करने को कहा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिखाने के लिए इंटरनेट बहाल करने का आदेश जारी कर दिया, लेकिन हकीकत यही है कि अभी तक कहीं पर भी इंटरनेट नहीं चला है। पैंथर्स पार्टी इसका कड़ा विरोध करती है और सरकार से मांग करती है कि जल्द से जल्द इंटरनेट बहाल कर राहत प्रदान की जाए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले समय में पैंथर्स पार्टी सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर अजीत कोतवाल, अतुल, कृष्ण व अन्य मौजूद थे।