उधमपुर। टंडार-पखलाई सड़क का काम लटकने से खफा ब्लाक सियूना के लोगों ने शुक्रवार को पीएमजीएसवाई विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व चिनैनी-घोरड़ी विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय नेता जगदेव सिंह जग्गा ने किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
लोगों ने कहा कि कई वर्षों बाद भी पीएमजीएसवाई विभाग टंडार-पखलाई सड़क का पचास प्रतिशत काम भी पूरा नहीं कर पाया है। जिसके कारण ग्रामीणों को कई प्रकार की समस्याएं उठानी पड़ रही हैं।
क्षेत्र के पूर्व सरपंच बलदेव सिंह ने कहा कि बैक टू विलेज प्रोग्राम में संबंधित विभाग के चीफ इंजीनियर खुद यहां आए थे। उन्होंने लोगों के सामने संबंधित अधिकारियों को काम जल्द से जल्द पूरा करने को कहा था, लेकिन इसके बाद सड़क का काम बिल्क़ुल ही बंद हो गया। ठेकेदार ने भी अपना सामान वापस उठाना शुरू कर दिया है। ठेकेदार के मुताबिक वह किसी के दबाव में आकर काम नहीं करेंगे। जगदेव सिंह जग्गा ने कहा कि हैरानी की बात यह है कि जो अधिकारी बैक टू विलेज के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनने आए थे, वह अपने ही विभाग के काम पूरा नहीं करवा सकते तो बाकी कामों की उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं। जग्गा ने कहा कि अगर 15 दिन के अंदर इस सड़क का काम शुरू नहीं हुआ, तो वह ग्रामीणों के साथ संबंधित विभाग के चीफ इंजीनियर का पुतला जलाकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे, जिसकी सारी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।