बस स्टैंड मार्ग पर तारकोल न डालने को लेकर विरोध प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को बस स्टैंड दुकानदार यूनियन ने बस स्टैंड के प्रवेशद्वार पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक एवं लोक निर्माण विभाग के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे दुकानदारों ने एक सप्ताह में सड़क पर तारकोल बिछाने का काम शुरू करने की मांग की।
बस स्टैंड दुकानदार यूनियन के प्रधान जितेंद्र बरमानी ने कहा कि बस स्टैंड पर तारकोल बिछाने को लेकर विधायक और पीडब्ल्यूडी को कई बार कहा गया। एक बार तो बस स्टैंड पर तारकोल बिछाने के लिए गाड़ियां तक बुला ली गईं। बस स्टैंड को पूरी तरह से खाली करा दिया गया, पर जिस दिन काम शुरू किया जाना था, उसी दिन इस काम को स्थगित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि वह जानना चाहते हैं कि आखिर किसके दबाव में आकर विभाग द्वारा काम रोका गया। यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा शहर में हर जगह तारकोल बिछाने का काम किया गया, पर बस स्टैंड जैसी अति आवश्यक जगह पर तारकोल न बिछाकर लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। लोगों द्वारा करीब चार घंटों तक धरना दिया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल की टीम ने भी धरने में हिस्सा लिया। बाद में प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह में काम शुरू करने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।