मियांबाग को स्याल से जोड़ने वाला मार्ग खस्ताहाल हो गया है। इसको लेकर स्याल के लोगों द्वारा लोक निर्माण विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया गया। लोगों ने कहा कि इसको लेकर कई बार विधायक से भी बात की गई, लेकिन सड़क की हालत को सुधारने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाया गया। प्रदर्शन तीन बजे दोपहर को स्याल क्षेत्र में वहां के स्थानीय लोगों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर लोगों द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। लोगों का कहना है कि सड़क की हालत से विभाग पूरी तरह से अवगत है। पुलिया की हालत चिंताजनक हो गई है। वाहन चालकों को पुलिया से गुजरने के लिए जोखिम उठाना पड़ता है। स्थानीय निवासी पवन सिंह ने कहा कि पुलिया के निर्माण के लिए विभाग के पास फंड भी आ गया है, लेकिन पुलिया काम शुरू नहीं किया गया।
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। आने-जाने वालों को कई बार हादसों का शिकार बनना पड़ता है। एक अन्य युवक छोटू ने बताया कि सड़क की हालत को लेकर चार बार विधायक को अर्जी दी जा चुकी है, लेकिन सड़क को ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। लोगों द्वारा जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग की गई है।