शहर के वार्ड नंबर छह में पड़ते गोल पुल के नीचे फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ वीरवार को प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों द्वारा विभाग के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने समस्या का जल्द निवारण नहीं करने पर धार रोड जाम करने की चेतावनी भी दी।
वार्ड नंबर छह में पड़ते गोल पुल को बीएसएनएल कालोनी एवं मेन बाजार को जोड़ने वाली गली में फैली गंदगी और नाले में कचरे की वजह से ब्लाकेज को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी विजय कुमार ने बताया कि इलाके में सफाई व्यवस्था शून्य होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गोल पुल के नीचे फैली गंदगी की वजह से लोगों का चलना तक दुश्वार हो गया है।
गंदगी की वजह से इलाके में गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए कई बार विभाग को भी सूचित किया गया, लेकिन किसी ने समस्या का समाधान करने के लिए कोई जहमत नहीं उठाई।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दो स्कूल भी पड़ते हैं, जिसकी वजह से सैकड़ों बच्चों एवं अभिभावकों को भी इस गली होकर गुजरना पड़ता है। लेकिन क्षेत्र में फैली गंदगी और बदबू की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त नहीं किया गया तो उन्हें मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों में गणेश दत्त, शाम लाल, दीपक, विकास भगत आदि मौजूद थे।