बिजली की भारी कटौती से नाराज टिकरी के लोगों ने शनिवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों द्वारा कटड़ा उधमपुर मार्ग पर एकत्रित होकर विभाग के विरोध में नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था सही न करने पर कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी।
बिजली की कटौती से परेशान होकर टिकरी के लोगों द्वारा बिजली विभाग के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय निवासी जगदेव व अजीत ने कहा कि अक्सर क्षेत्र की बिजली गुल रहती है। इस बारे में कई बार विभाग के लाईनमैनों से कहा गया पर वह बिजली की तारों की मरम्मत करने व अन्य समस्या को देखने तक के लिए क्षेत्र में नहीं आते हैं। दिन के अधिकतर समय बिजली गुल ही रहती है।
इसके चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर के महिलाओं को रोजमर्रा के कामों में परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। बच्चों की भी पढ़ाई पर इसके कारण बुरा असर पड़ रहा है। लोगों ने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में बिजली की कटौती बंद नही की गई तो जल्द ही क्षेत्र के लोग विभाग के कार्यालय का घेराव कर सकते हैं। इस अवसर पर अनील, नरेश, राहुल, जदेश, राज काका आदि उपस्थित थे।