बस चालकों की मनमानी के चलते पंचैरी क्षेत्र के लोगाें को आवाजाही में परेशान होना पड़ता है। शनिवार को दोपहर ढाई बजे वाली बस सेवा नहीं मिलने पर यात्रियों ने बस चालकों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रशासन से मनमानी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों में सरपंच बलदेव सिंह, पंच मदन गोपाल, कुलदीप कुमार, गोविंद राम, विजय कुमार, राजेंद्र कुमार, जोगिंद्र कुमार के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने एकजुट होकर चरमराई बस सेवा को दुरुस्त करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि बस चालकाें की लापरवाही की वजह से लोगों को मजबूरी में पैदल अपने गंतव्यों को जाना पड़ा है। पहाड़ी इलाका होने की वजह से पहले ही लोग मीलों पैदल चलकर सड़क मार्ग पर पहुंचना पड़ता है।
फिर आगे के सफर में गाड़ियों की व्यवस्था नहीं होना चिंता का सबब बन जाता है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं को सामान उठाकर पैदल रवाना होना पड़ा। कई लोगों ने घर से बाहर निकलने की योजना रद्द कर दी।
बहुत सारे लोगों को पीठ पर लाद कर भारी सामान ले जाते देखा गया। यात्रियों के मुताबिक लिंक मार्ग के चलते गाड़ियों की आवाजाही कम है। तो वहीं दूसरी ओर चालकों की मनमानी की वजह से लोग काफी परेशान है।