उधमपुर। कश्मीर में माहौल बिगाड़ने के आरोप में गिरफ्तार किए गए सरकारी महिला कॉलेज उधमपुर के प्रोफेसर के खिलाफ विद्यार्थी एकजुट हो गए हैं। मंगलवार को सरकारी महिला कॉलेज और डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने एबीवीपी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर प्रोफेसर को बर्खास्त करने की मांग उठाई है। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य अजय सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने सरकारी महिला कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अजय सिंह ने कहा कि छह मार्च को कुलगाम पुलिस ने भूगोल विभाग के एचओडी प्रोफेसर शब्बीर अहमद नाइक को गिरफ्तार किया था। उनपर कश्मीर में माहौल खराब करने सहित कई संगीन आरोप लगे हैं। 2018-19 में भी कई मामले दर्ज किए गए हैं। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रोफेसर पर इतने संगीन आरोप हैं तो उन्हें उधमपुर में क्यों स्थानांतरित किया है। एबीवीपी ने माहौल खराब करने के आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ उच्च शिक्षा विभाग से सख्त कार्रवाई कर बर्खास्त की मांग की है।