हेडमास्टर के 107 में अब तक 74 पद भरे, 33 रिक्त
उधमपुर। जिले में कई स्कूल बिना हेडमास्टर और प्रिंसिपल के चल रहे हैं। इससे शिक्षा विभाग के सरकारी स्कूलों में बेहतर एवं उच्च शिक्षा की पोल खुल रही है। जिन स्कूलों में हेडमास्टर और प्रिंसिपल नहीं हैं उनमें बच्चों को कैसी शिक्षा मिल रही है इसका अंदाजा आप खुद लगा सकते हैं।
पिछले कई महीनों से 11 हायर सेकेंडरी स्कूल बिना प्रिंसिपल के चल रहे थे। इसके चलते अब विभाग ने नौ हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रिंसिपल की तैनाती कर दी है, जबकि दो में भी जल्द ही प्रिंसिपल की तैनाती कर दी जाएगी।
जिले में प्रिंसिपल के 45 में से 43 पद भरे गए हैं और दो खाली हैं। हेडमास्टर के 107 में से अब तक 74 पद भरे गए हैं, जबकि 33 पद खाली हैं।
हैरानी की बात है कि चाहे हेडमास्टर हों या फिर प्रिंसिपल सभी ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ने वाले स्कूलों में ही खाली पड़े हुए थे। विभाग ने शहर के सभी स्कूलों में हेडमास्टर और प्रिंसिपल लगाए हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ते हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रिंसिपल की तैनाती होने से बच्चों व अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।
प्रिंसिपल के बिना चल रहे थे हायर सेकेंडरी स्कूल
अगर हम जिले में सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूलों की बात करें तो पिछले नौ महीने से 11 हायर सेकेंडरी स्कूल बिना प्रिंसिपल के चल रहे थे। इसके चलते अब विभाग ने उन 11 स्कूलों में से 9 में प्रिंसिपल तैनात कर दिए हैं, जबकि अभी 2 स्कूलों में प्रिंसिपल तैनात नहीं किए जा सके हैं। हायर सेकेंडरी स्कूल पंचैरी व हायर सेकेंडरी स्कूल दमनोत में प्रिंसिपल तैनात नहीं किए हैं।
जिले के 45 हायर सेकेंडरी स्कूलों में से 11 हायर सेकेंडरी स्कूलों में खाली पड़े प्रिंसिपल के पद में से 9 में प्रिंसिपल की तैनाती कर दी है। वहीं, दो हायर सेकेंडरी स्कूल बिना प्रिंसिपल के चल रहे हैं, उनमें में भी एक सप्ताह के भीतर प्रिंसिपल की तैनाती कर दी जाएगी। जहां तक हाई स्कूलों में हेडमास्टर की तैनाती का सवाल है तो उस पर भी विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही हाई स्कूलों में हेडमास्टर की तैनाती हो जाएगी।
नरेंद्र मोहन सूरी, सीईओ