प्रतिबंध के बावजूद देविकानदी में साख विसर्जन के दौरान डाली गई पालीथिन
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। महानवमी के पावन अवसर पर देविका में साख विसर्जन के दौरान कुछ लोगों ने नदी को प्रदूषित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लोग बिना किसी संकोच के नदी में पॉलीथिन व अन्य पूजन सामग्री फेंकते हुए नजर आए।
हालांकि, इस दौरान देविका नदी की साफ सफाई का जिम्मा संभाल रही टीम देविका के स्वयंसेवक भी मुस्तैदी से निगरानी करते रहे। लेकिन, इसके बावजूद भी कुछ लोग साख विसर्जन के लिए साथ लाए पॉलीथिन व अन्य चीजों को नजर बचाकर पानी में फेंकते रहे। जिससे दोपहर तक देविका नदी के निचले हिस्से में पॉलीथिन व अन्य गंदगी जमा हो गई।
स्वयंसेवकों ने कहा कि देविका नदी की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। वह सुबह से ही स्वच्छता को बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ निगरानी कर रहे थे। साख विसर्जन करने वाले लोगों से तट पर लगाए कूड़ेदान में बेकार चीजों को डालने का आग्रह कर रहे थे। लेकिन, कुछ लोग लापरवाही होते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी लोगों को पवित्र देविका नदी को साफ रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सरकार ने देविका नदी को प्रदूषण मुक्त करने को लेकर राष्ट्रीय नदी संरक्षण योजना के तहत काम किया है। जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार हुई टीम देविका के स्वयंसेवक अपने स्तर पर भी इसे साफ रखने के लिए अभियान चला रहे हैं।
लोगों को देविका नदी में पालिथीन डालने से रोकेते टीम देविका के सदस्य- फोटो : UDHAMPUR
रामनवमी के अवसर पर देविकानदी के तट पर साख विसर्जित करते शहरवासी- फोटो : UDHAMPUR