डोडा पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह और पूर्व मंत्री रमन भल्ला।
डोडा। जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से शुरू किए गए 22 दिवसीय अभियान के तहत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का एक दल सोमवार को डोडा पहुंचा। इस मौके पर राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की गई।
सामुदायिक भवन में आयोजित सम्मेलन में पूर्व सांसद चौधरी लाल सिंह, पूर्व मंत्री रमन भल्ला, वरिष्ठ नेता तारिक कर्रा और अन्य शामिल थे। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार के इस दावे की आलोचना की कि केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद विकास में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में स्थिति और खराब हो गई है।
नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी बढ़ रही है और केंद्र शासित प्रदेश ड्रग माफिया के बढ़ते खतरे और बढ़ती हिंसा से जूझ रहा है। सम्मेलन में जिले भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने राज्य का दर्जा तत्काल बहाल करने व क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग दोहराई।