हेलमेट के बगैर दोपहिया वाहन चलाना अब लोगों के लिए मुश्किल बनता जा रहा है। पेट्रोल पंपों पर तेल नहीं डाले जा रहे हैं। लोग कार और अन्य वाहनों से बोतलें लेकर तेल लेने पहुंच रहे हैं।
पेट्रोल नहीं मिलने पर कोई विवाद पंप पर न हो, इसके लिए पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने इन पंपों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। नाके भी लगाए गए। पुलिस को देखकर कई लोग पंप के दूर से ही निकल गए।
हालांकि बीच में कई जगह पर पुराने जानकारों को पेट्रोल दिया गया और अगली बार हेलमेट पहनकर आने की सलाह दी। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. शाहिद इकबाल ने पेट्रोल पंप के बाहर आदेशों को चस्पा कर दिया है कि बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं डाला जाए।
दोपहिया वाहनों के बाद प्रशासन ओवरलोडिंग करने वालों पर शिकंजा कसेगा। नगर के दोमेल चौक पर स्थित दो पेट्रोल पंपों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही।
पंप मालिकों ने वीरवार को तहसीलदार सपना कोतवाल के साथ बैठक करने के बाद सुरक्षा को लेकर दिक्कतें बताई थी। इन दिक्ततों को प्रशासन ने तुरंत दूर करते हुए पुलिस जवानों को तैनात किया है।
प्रशासन ने फिलहाल अभी इतनी सख्ती नहीं है। प्रधानमंत्री के दौरे और दिवाली के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से हरकत में आएगा। त्योहार के कारण अभी केवल चेतावनी दी जा रही है।
बता दें कि वीरवार को पेट्रोल पंप मालिकों के साथ तहसीलदार ने बैठक की थी, जिसमें पंप मालिकों ने संभावित विवाद के मद्देनजर सुरक्षा की मांग की थी। इस पर प्रशासन ने अमल किया।
पुलिस ने लगाए नाके
पुलिस ने नगर के सलाथिया चौक, आदर्श कालोनी, एममएच चौक पर नाके लगाए। नाके पर दोपहिया वाहनों के चालान किए। कई लोग नाके को देखकर गलियों से निकल गए।
कई जगह पर नगर में कई लोगों को बिना हेलमेट के गाड़ियां चलाते हुए देखा गया। बीच में इक्का-दुक्का लोग ही हेलमेट में देखे गए। प्रशासन के अनुसार धीरे-धीरे से आदेश पर असर दिखेगा। पुलिस ने नाकों के दौरान कुछ जगहों पर ओवर लोडिंग की भी जांच की।
बोतलें लेकर पंप पर आ रहे लोग
लोग बोतलें लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। अपने वाहनों को दूर खड़ा करके बोतलों से पेट्रोल लेकर अपनी गाड़ियों में डाल रहे हैं। हेलमेट को लेकर पेट्रोल पंप पर असर दिख रहा है। कई लोग उधार की मांगी हुई हेलमेट लेकर केवल पेट्रोल डलवाने आ रहे हैं।
बाहर नहीं दिखा आदेश का असर
नगर के बाहरी क्षेत्रों में डीसी के आदेश का कोई खास असर नहीं देखा गया। लोग धड़ल्ले से तेज गति में गाड़ियां चलाते हुए देखे गए। कई दोपहिया वाहन चालक भी बिना हेलमेट के दिखे। बाहरी क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट के तेल डाला जा रहा है।