उधमपुर के क्रिमची में चोरों का निशाना बनी दुकान।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर क्रिमची इलाके में वीरवार देर रात को चोरों ने इलेक्ट्रानिक की दुकान की दीवार को तोड़ कर हजारों की नकदी व सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह दुकानदार को जब इसकी सूचना मिली तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह जब साहिल शर्मा अपनी दुकान पर पहुंचा तो दुकान का शटर खोलने के बाद अंदर के हालात को देख कर हैरान व परेशान हो गया। अंदर पहुंचने पर साहिल शर्मा को दीवार में बड़ा का सुराग नजर आया और वह समझ गया कि चोरों ने उसकी दुकान को निशाना बना लिया है। जब दुकान की अच्छी तरह से जांच की तो पता चला कि करीब आठ हजार की नकदी के साथ करीब 42 हजार की मोबाइल असेसरी पर चोर हाथ साफ कर गए हैं। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। दुकान को निशाना बनाए जाने के बाद क्रिमची में काम करने वाले दूसरे दुकानदार भी परेशान हो गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि पहले तो चोर शहर व आसपास के इलाकों में मौजूद दुकानों को निशाना बना रहे थे, लेकिन अब चोरों ने शहर से दूर दुकानों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पुलिस को ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की तरफ ध्यान देना होगा।