रामनगर। कस्बे के वार्ड नंबर एक में चिगली चोरी मार्ग पर कूड़ा फेंके जाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। वार्ड वासियों ने नगरपालिका के कूड़े वाला वाहन रोक लिया और जमकर कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि यहां कूड़ा नहीं फेंकने देंगे। सब इंस्पेक्टर जोगेश्वर मनहोत्रा ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया और कूड़े वाले वाहन को वापस भेजा।
वीरबार सुबह 10 बजे नगर पालिका का कूड़े का वाहन जैसे ही वार्ड नंबर एक में पहुंचा तो लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने शिव मंदिर के बाहर वाहन को रोक लिया और मार्ग पर बैठकर नगर पालिका के विरुद्ध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी दोपहर तीन बजे तक प्रदर्शन करते रहे और उनकी मांग थी कि नगर पालिका का अधिकारी मौके पर आए लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इस पर लोगों ने प्रदर्शन को तेज कर दिया जिसके चलते मार्ग को खुलवाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सब इंस्पेक्टर को भेजा गया। उन्होंने गुस्साए प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया और कूड़े के वाहन को वापस भेजा। इसके बाद लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।
स्थानीय निवासी राजसिंह, मदन गोपाल, केवल कुमार, काकू राम, बलवीर, पुरषोत्तम कुमार, शामलाल आदि ने बताया नगर पालिका की ओर से दस वर्षों से कस्बे का सारा कूड़ा इकट्ठा कर चिगली चोरी मार्ग के किनारे फेंका जा रहा है जिसके चलते वार्ड में बदबू फैली रहती है। अब गर्मी आ गई है जिससे मक्खी-मच्छर भी पैदा होना शुरू हो गए हैं। लोग बीमार भी हो सकते हैं। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों को कूड़े को ना फेंकने के लिए कहा गया लेकिन वे सुनते ही नहीं। लोगों ने नगर पालिका को चेतावनी दी है कि अगर यहां कूड़ा फेंकना बंद नहीं किया गया तो नगर पालिका कार्यालय में पहुंचकर धरना दिया जाएगा।