संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। लाटी बसंतगढ़ मार्ग पर स्थानीय परिवहन सेवाओं में यात्रियों से नियमित किराये से अधिक राशि वसूली जा रही है। कई बार जब यात्री विरोध करते हैं, तो उनके साथ बहस और झगड़े की नौबत आ जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से चालकों पर कार्रवाई की मांग की है। ऐसा न होने पर ग्रामीणों ने परिवहन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
स्थानीय निवासी नरेश लालहाल, संजय कुमार,शोभा राम, गिरधारी लाल आदि ने बताया कि इस मार्ग पर मेटाडोर में सफर करने वाले यात्रियों से अधिक किराया वसूला जाता है, जब वे मना करते हैं, तो चालक बदसलूकी पर उतर आते हैं। यात्रियों के साथ तू-तू मैं-मैं होना आम बात हो गई है। मेटाडोर चालक पिछले एक वर्ष से यात्रियों से अधिक किराया वसूल रहे हैं, हालांकि लाटी से बसंतगढ़ तक का 65 रुपये किराया है लेकिन मेटाडोर चालक 90 रुपए प्रति यात्री से वसूल कर रहे हैं।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने छह माह पहले एआरटीओ उधमपुर को अवगत करवाया था। उन्होंने मेटाडोर चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की थी। कुछ दिन तक मेटाडोर चालकों ने निर्धारित राशि ली, बाद में फिर से अपनी मनमानी करने लगे। ग्रामीणों ने एआरटीओ उधमपुर को चेतावनी दी अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो डूडू के सभी लोग इकट्ठे होकर मार्ग बंद करके प्रदर्शन करेंगे।