उधमपुर/जिब। पड़ानू पंचायत के वार्ड सात में बिजली की लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण काफी परेशान हैं। वहीं, कूलर, टीवी और फ्रिज सहित बिजली से चलने वाले उपकरण शोपीस बन गए हैं। इसके साथ ही रात को दीये जला कर घरों को रोशन करना पड़ रहा है।
गमीणों ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या से भीषण गर्मी में जीना मुहाल हो रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए घर में पंखे, कूलर और फ्रिज आदि तो हैं, लेकिन वोल्टेज काफी कम होने के कारण शोपीस बने हुए हैं। क्षेत्र में यह समस्या काफी समय से चली आ रही है, लेकिन गर्मी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर दिनचर्या के अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी विजय कुमार, सोहन लाल, शाम लाल, राकेश कुमार और अशोक आदि ने बताया कि क्षेत्र में उचित लोड के मुताबिक ट्रांसफार्मर नहीं है, जिस वजह से वार्ड सात के 40 परिवारों को लो वोल्टेज की समस्या झेलनी पड़ रही है। विशेषकर रात के समय में वोल्टेज इतनी कम होती है कि लोगों को दीपक का सहारा लेना पड़ता है। कई बार संबधित विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन आज तक स्थिति जस के तस बनी हुई है। इसलिए प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द समस्या को दूर करने के लिए उचित लोड के मुताबिक ट्रांसफार्मर लगाया जाए।