प्रधानमंत्री की रैली का जिले में जबरदस्त उत्साह देखा गया। मोदी के कार्यक्रम स्थल चंद्रकोट में लोग सुबह से ही पहुंचने लगे थे। जबकि कार्यक्रम दोपहर बाद था। इस बीच सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे।
रामबन, बटोत, चंद्रकोट आदि इलाकों में सड़क की दोनों तरफ भाजपा के झंडों से सजाया गया था। प्रधानमंत्री की रैली में महिलाओं और युवाओं का उत्साह देखते बन रहा था।
दूरदराज से भी महिलाएं सुबह से ही पहुंचने लगी थीं। हर चेहरे पर मोदी को एक झलक देखने की ललक साफ देखी जा रही थी। समारोह स्थल पर जगह छोटी पड़ जाने के कारण लोगों को परेशानी हुई।
लेकिन इसके लिए रैली स्थल पर कई बड़े-बड़े एलसीडी स्क्रीन लगाए गए थे, जिस पर लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दीदार किया और उनका भाषण सुना। कुशल वक्ता मोदी का भाषण सुनकर हर कोई उनका मुरीद बनता दिख रहा था।
... तालियों से गूंज उठा कार्यक्रम स्थल
दोपहर बाद करीब 2 बजकर 40 मिनट प्रधानमंत्री के हेलीकाप्टरों का काफिला जब चंद्रकोट के आसमान पर मंडराने लगा तो लोग अपनी-अपनी जगहों पर खड़े हो गए और तालियों की गड़गड़ाहट से समारोह स्थल गूंज उठा।
इस बीच मोदी जिंदाबाद के नारे भी समर्थक लगाने लगे। हर निगाहें हेलीकाप्टरों पर टिक गईं। आखिरकार में जब तीसरा हेलीकाप्टर नीचे उतरा तो उसमें से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरे। उनके उतरे ही सारे लोग फिर खड़े होकर तालियों से स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाने लगे।
नहीं झेलनी पड़ी ट्रैफिक की समस्या
हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पहले से यह तय किया गया था कि प्रधानमंत्री के आगमन के चलते सोमवार तड़के चार बजे से ही हाईवे पर यातायात बंद कर दिया जाएगा।
न श्रीनगर से जम्मू की तरफ वाहन भेजे जाएंगे और न जम्मू से श्रीनगर की ओर। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे से यातायात को रोका गया ओर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद करीब पांच बजे यातायात को बहाल भी कर दिया गया।