चिनैनी ब्लाक अंतर्गत पड़ने वाले सरकारी हाई स्कूल घाड़िया धनास में शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। इससे गुस्साए गांव के लोगों ने डीसी कार्यालय के बाहर शुक्रवार को शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे पैंथर्स नेता धनीराम अत्री ने कहा कि सरकारी हाई स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या 500 के करीब है, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की बढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है। कई बार इस बारे में शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को सूचित किया गया, बावजूद इसके शिक्षा विभाग स्कूल में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्कूल में पहले एक खेल शिक्षक की तैनाती की गई, लेकिन कुछ समय बाद किसी के शिकायत करने पर शिक्षा विभाग ने बिना कोई जांच किए खेल शिक्षक को स्कूल से हटाकर सीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया है। अब स्कूल में शिक्षकों की कमी होने के कारण बच्चों के अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार नहीं हैं।
इस कारण स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या में भी कमी आई है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि स्कूल में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए जल्द ही शिक्षकों की कमी को पूरा किया जाए। प्रदर्शन में नायब सरपंच इंद्र कुमार, केवल कुमार, कपूर चंद, सुदेश कुमार, गुलाम रसूल शाम सिंह, आंचल सिंह सहित अन्य शामिल थे।