उधमपुर। जीएमसी अस्पताल परिसर में बन रही नई इमारत के निर्माण कार्य के चलते मौजूदा समय में अस्पताल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था विकराल रूप धारण कर चुकी है। इसके चलते अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ-साथ डाॅक्टर व स्टाफ भी परेशानियोें का सामना कर रहे हैं।
यहां एक तरफ लोग इस समस्या से परेशान हैं तो वहीं दूसरी ओर एंबुलेंस चालक भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। क्योंकि एंबुलेंस चालकों को भी अपने वाहन लगाने की जगह न मिल पाने के कारण उन्हें मजबूरन अपने वाहनों को अस्पताल परिसर से बाहर खड़ा करना पड़ रहा है। हालांकि अस्पताल प्रशासन की मानें तो पार्किंग के निर्माण के लिए अस्पताल परिसर में जगह का चयन किया जा रहा है ताकि लोगों को आ रही पार्किंग की समस्या का समाधान हो सके। इतना ही नहीं, पूरे दिन में कई बार अस्पताल परिसर में जाम की स्थिति बनने से एंबुलेंस को भी निकालने में चालकों को परेशानियोे का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल परिसर में जगह न होने से धार रोड पर लग रहे वाहन
अस्पताल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते अस्पताल में आने वाले कई लोग अपने वाहनों को धार रोड पर खड़ा करने पर मजबूर हो चुके हैं। इसके चलते धार रोड पर जाम की स्थिति बन जाती है और आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं अस्पताल में आने वाले राजेंद्र कुमार, प्रशोत्तम सिंह, बंसी लाल, राहुल कुमार, शशि कुमार और रमण गुप्ता सहित अन्य का कहना था कि अस्पताल प्रशासन को चाहिए कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान कर लोगों को आ रही परेशानी से निजात दिलाएं।
इस संदर्भ में जीएमसी के प्रिंसिपल डॉॅ. मृत्युंजय गुप्ता का कहना था कि अस्पताल प्रशासन की ओर से अस्पताल में पार्किंग बनाने के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। जल्द ही जगह का चयन प्रक्रिया को पूरा कर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए लोक निर्माण विभाग को कह दिया जाएगा ताकि अस्पताल में आने वाले लोगों सहित स्टाफ को आ रही परेशानियों का समाधान हो सके।