पूरा किराया देने के बावजूद जम्मू संभाग को कम बिजली की सप्लाई दिए जाने के विरोध में मंगलवार को पैंथर्स पार्टी ने रोष रैली निकाली। इस दौरान बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर मार्ग को बंद कर धरना-प्रदर्शन किया गया। पैंथर्स पार्टी का कहना है कि जब तक जम्मू संभाग को पूरा हक नहीं मिलता है, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
सुबह करीब साढे़ 11 बजे पैंथर्स पार्टी ने राज्य अध्यक्ष बलवंत सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय से रोष रैली निकाली। कोर्ट रोड, रामनगर चौक, मुखर्जी बाजार, इंदिरा चौक, गोल मार्केट और शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर रैली मिनी स्टेडियम के सामने बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर पहुंच कर संपन्न हुई। जहां कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मार्ग को बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
करीब आधे घंटे तक मार्ग को बंद रखने के बाद बलवंत सिंह मनकोटिया ने अपनी मांग को बिजली विभाग के अधिकारी के सामने रखा। प्रदर्शन के दौरान मनकोटिया ने कहा कि बिजली विभाग को 66 प्रतिशत किराया जम्मू संभाग से दिया जा रहा है और कश्मीर से मात्र 33 प्रतिशत किराया मिल रहा है। इसके बावजूद कश्मीर के बिजली विभाग को 80 प्रतिशत फंड दिए जाते हैं और जम्मू संभाग को मात्र 20 प्रतिशत फंड मिलते हैं।
उधमपुर जिले में अभी भी कई गांव ऐसे हैं, जहां आज तक ग्रामीणों को बिजली नसीब नहीं हुई है। एक तरफ तो सरकार डिजिटल इंडिया की बात कर रही है और दूसरी तरफ ग्रामीण आज भी बिना बिजली के जीवन जीने को मजबूर हैं। कई ग्रामीण इलाकों में बिजली के खंभे न होने के कारण पेड़ों पर बिजली की केबल को लटकाया गया है। यह सब जम्मू के साथ हो रहे भेदभाव के कारण हो रहा है।
इस भेदभाव को जम्मू को अलग राज्य बनाकर ही खत्म किया जा सकता है। इसी का लेकर पैंथर्स पार्टी ने आंदोलन छेड़ा और आगे भी इसको जारी रखा जाएगा। इस मौके पर डीआर अत्री, अमरनाथ, रामपाल भगत, जगदेव जग्गा, सुरजीत, राजेंद्र बाली, गणेश शर्मा, परधूमन सिंह, विजय सिंह, समनीक भसीन व अन्य मौजूद थे।