किश्तवाड़। डीसी अशोक कुमार शर्मा ने एसएसपी शफकत हुसैन भट्ट के साथ जिला अस्पताल और शहर का औचक दौरा किया। इस दौरान कोविड नियमों की स्थिति का जायजा लिया। वहीं, दुकानदारों से नियमों का पालन करने की अपील की गई।
उन्होंने जिला अस्पताल का दौरा कर ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र के कार्य सहित अन्य तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने एजेंसी के अधिकारी को दो शिफ्टों में काम करने का निर्देश दिया, ताकि ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र का कार्य सप्ताह के भीतर पूरा हो सके। चिकित्सा अधीक्षक को ऑक्सीजन संयंत्र की स्थापना सुनिश्चित करने के लिए तुरंत निर्देश दिए। बताया कि इसके समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि लोगों को जल्द सुविधा मिल सके।
चिकित्सा अधीक्षक परवेज इकबाल वानी ने बताया कि ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र के लिए मशीनरी रास्ते में है। इसके जल्द ही किश्तवाड़ पहुंचने की संभावना है। इसके बाद पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से कार्य को पूरा किया जाएगा।
जिला अस्पताल किश्तवाड़ में 70 बिस्तर का कोविड देखभाल केंद्र, छात्रू में 150 और पाडर में 100 बेड का केंद्र स्थापित किया गया है। जिला अस्पताल किश्तवाड़ में 20 बिस्तर वाले आईसीयू की स्थापना की गई है। इस बीच उन्होंने विभिन्न बाजार में औचक निरीक्षण किया। ईओ नगर परिषद किश्तवाड़ को इसके अलावा सड़क के साथ-साथ विक्रेताओं की निकासी सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों की उचित सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।