उधमपुर। जिले में मंगलवार को कुल चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जबकि दस लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। संक्रमितों की संख्या में बहुत ज्यादा गिरावट हुई है और इससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को बहुत ज्यादा राहत मिली है। इस महीने लगातार दूसरी बार चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिले में अब 107 सक्रिय मामले बचे हैं।
कोरोना के मामलों में कमी के बाद ही सरकार ने उधमपुर में वीकेंड कोरोना कर्फ्यू को खत्म करने के साथ हर रोज बाजार को खोलने की अनुमति दे दी है। हर रोज कोरोना के मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को जिले में कुल दस लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे और 31 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। मंगलवार को केवल चार लोग ही संक्रमित पाए गए। इनमें दो लोग रामनगर, एक पंचैरी और एक बसंतगढ़ में संक्रमित पाया गया है। शहर के अंदर एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आने पर शहरवासियों को भी राहत मिल रही है। शाम तक दस लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिलें में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11095 हो गए हैं। इनमें से 10857 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 131 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 107 सक्रिय मामले बचे हैं।