उधमपुर। जिला में वैक्सीन का स्टाक खत्म होने के कारण वीरवार को शाम तक कुल 97 लोगों को ही वैक्सीन लग पाई। इसके बाद वैक्सीन लगवाने के लिए आने वाले लोगों को निराश होकर घर लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल के अलावा विभिन्न इलाकों में बनाए गए वैक्सीन केंद्रों पर लोग दिनभर वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचते रहे लेकिन वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण निराश होकर लौटना पड़ा। इनमें कुछ लोग जल्द वैक्सीन उपलब्ध होने की उम्मीद में वैक्सीन केंद्रों के बाहर इंतजार भी करते रहे। लेकिन शाम तक वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण इन सभी को भी बिना वैक्सीन लगवाए ही मायूस होकर घर वापस लौटना पडा। लोगों का कहना था कि स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन उपलब्ध नहीं है तो उन्हें फोन पर मैसेज करके वैक्सीन केंद्रों पर क्यों बुलाया जा रहा है। इससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड रही है साथ ही उनके समय की भी इससे काफी बर्बादी हो रही है। इसलिए प्रशासन से उनकी अपील है कि जब तक वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो रही है तब तक उन्हें मैसेज करके बिना वजह वैक्सीन केंद्रों पर न बुलाया जाए। गौरतलब है कि छह दिन से स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन का नया स्टाक उपलब्घ नहीं हो पाया है। वीरवार तक बची डोज में शाम तक केवल 97 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी। जिनमें 18 से 44 आयु वर्ग के 36 लोगों को पहली, 45 से 60 आयु वर्ग में 21 लोगों को पहली और 40 को दूसरी डोज लगाई गई।
इसके अलावा सैकड़ों लोग अन्य वैक्सीन केंद्रों की तरह ही जिला अस्पताल में भी घंटों इंतजार करने के बाद मायूस होकर लौट गए। जिले में कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए 55 से अधिक सेंटर बनाए गए हैं और इनमें टीमों को तैनात किया गया है। लेकिन छह दिन से वैक्सीन की कमी के कारण इन सेंटरों में कर्मचारी इंतजार कर रहे है। वीरवार को भी काफी संख्या में लोग इन केंद्रों पर वैक्सीनेशन के लिए पहुंचे थे।